ग्रेटर नोएडा: बारिश में भीगते हुए सैकड़ों किसानों का प्राधिकरण पर धावा, 4% भूखंड न मिलने पर सितंबर के बाद उग्र आंदोलन की चेतावनी
ग्रेटर नोएडा। तेज बारिश भी किसानों का हौसला नहीं तोड़ पाई। 4 प्रतिशत आबादी भूखंड से वंचित घोड़ी-बछेड़ा गांव के सैकड़ों किसान बारिश में भीगते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कार्यालय पहुंचे और गेट का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल रहीं। बारिश में भीगने से एक किसान की तबीयत बिगड़ गई, जिसे एम्बुलेंस से तुरंत अस्पताल भेजा गया।
किसान सुबह 10 बजे प्राधिकरण कार्यालय पहुंचने वाले थे, लेकिन तेज बारिश के चलते उन्हें पहुंचने में देरी हुई। इसके बावजूद वे बारिश के बीच ही गेट पर धरने पर बैठ गए और अपनी मांगों को लेकर जोरदार नारेबाजी की। किसानों का कहना है कि उन्हें आज तक 4 प्रतिशत आबादी भूखंड का लाभ नहीं मिला है। प्राधिकरण ने कई बार आश्वासन तो दिया, लेकिन मांग पूरी नहीं की।
प्राधिकरण को सितंबर तक की चेतावनी
किसानों ने साफ कहा कि अब धरना-प्रदर्शन बहुत हो चुका। प्राधिकरण को सितंबर तक का आखिरी समय दिया जा रहा है। अगर तब तक 4 प्रतिशत भूखंड का लाभ नहीं मिला, तो अक्टूबर से आंदोलन और तेज होगा। किसानों ने चेतावनी दी कि वे दशहरा और दिवाली जैसे त्योहारों पर भी विरोध प्रदर्शन कर सरकार तक अपनी बात पहुंचाएंगे।
भारी पुलिस बल तैनात, अधिकारियों ने दिया आश्वासन
किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए प्राधिकरण कार्यालय पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। मौके पर दमकल गाड़ियां भी खड़ी की गई थीं। अधिकारियों ने किसानों को समझाया और ज्ञापन लेकर जल्द मांगें पूरी कराने का भरोसा दिया।

