Latest newsTrendingदिल्ली-एनसीआरनोएडा - ग्रेटर नोएडायमुना सिटी

यमुना एक्सप्रेसवे पर स्थानीय निवासियों को मिली बड़ी सौगात, अब नहीं देना होगा टोल

ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के लोगों के लिए बृहस्पतिवार का दिन खास सौगात लेकर आया। यमुना एक्सप्रेसवे पर स्थानीय निवासियों के लिए टोल मुक्त आवागमन की सुविधा शुरू कर दी गई है। अब क्षेत्रवासी निर्धारित पहचान पत्र दिखाकर एक्सप्रेसवे पर बिना किसी टोल शुल्क के आवाजाही कर सकेंगे।

इस फैसले से उन नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी, जिन्हें रोजमर्रा के कामकाज के सिलसिले में तहसील, कलेक्ट्रेट, न्यायालय या मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय जैसी जगहों पर बार-बार आना-जाना पड़ता है। अब तक इन जरूरी कामों के लिए भी टोल चुकाना पड़ता था, जो अब खत्म हो जाएगा।

किसानों के योगदान को सम्मान: विधायक धीरेंद्र सिंह

इस मौके पर जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि जिन किसानों ने अपनी जमीन देकर यमुना एक्सप्रेसवे और क्षेत्र की तमाम विकास परियोजनाओं की नींव रखी है, उन्हें इसका सीधा फायदा मिलना चाहिए। उन्होंने इसे किसानों के त्याग और योगदान के प्रति सम्मान बताया।

विधायक ने आगे कहा कि यमुना क्षेत्र इन दिनों औद्योगिक निवेश, नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और कई बड़ी परियोजनाओं की वजह से तेजी से तरक्की कर रहा है। ऐसे समय में स्थानीय लोगों की सुविधाओं का ध्यान रखना बेहद जरूरी है।

खास बात यह भी रही कि यह सुविधा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के मौके पर शुरू की गई, जिससे इस दिन की अहमियत और बढ़ गई।