Latest newsTrendingनोएडा - ग्रेटर नोएडा

ग्रेटर नोएडा: आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए यूपी सरकार का बड़ा तोहफा, विधायक तेजपाल नागर बोले – भविष्य होगा सुरक्षित

ग्रेटर नोएडा, 2 सितंबर। उत्तर प्रदेश के आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए मंगलवार का दिन खास रहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम (UPCOS) के लोगो, वेबसाइट और पोर्टल का शुभारंभ किया। इस मौके पर कई ऐसी घोषणाएं हुईं जिनका सीधा फायदा प्रदेश भर के लाखों आउटसोर्स कर्मचारियों को मिलेगा।

लखनऊ के इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ऑडिटोरियम में भी दिखाया गया, जहां दादरी विधायक तेजपाल नागर मुख्य अतिथि बनकर पहुंचे। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, डीआरडीए की परियोजना निदेशक नेहा सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी अरुण कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी आशीष कुमार और उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण समेत कई अधिकारी और बड़ी संख्या में आउटसोर्स कर्मचारी मौजूद रहे।

बेहतर मानदेय और सुविधाओं का मिलेगा लाभ

प्रसारण खत्म होने के बाद विधायक तेजपाल नागर ने दीप प्रज्ज्वलित कर स्थानीय कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आउटसोर्स कर्मचारियों के हितों को लेकर पूरी तरह गंभीर है और उनका भविष्य सुरक्षित व उज्ज्वल बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि UPCOS के जरिए अब कर्मचारियों को उनकी योग्यता और काम के हिसाब से बेहतर मानदेय मिलेगा, साथ ही कई अतिरिक्त सुविधाएं भी दी जाएंगी। उनके मुताबिक, सरकार की ये घोषणाएं आने वाले समय में कर्मचारियों के लिए कल्याणकारी साबित होंगी और उनके करियर को नई दिशा देंगी।