TrendingUncategorizedदेश दुनियानोएडा - ग्रेटर नोएडा

UPITS 2026: ग्रेटर नोएडा में लगेगा दुनिया भर के कारोबारियों का मेला, 2400 से ज्यादा प्रदर्शक लेंगे हिस्सा

उत्तर प्रदेश के व्यापार और निर्यात क्षेत्र के लिए एक बड़ा मौका आने वाला है। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो यानी यूपीआईटीएस का चौथा संस्करण 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित होगा। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने बताया कि यह आयोजन प्रदेश के उद्यमियों, निर्माताओं, निर्यातकों और कारोबारियों को देश-दुनिया के बाजारों से जोड़ने का एक बड़ा मंच बनने जा रहा है।

आंकड़ों में झलकती है इवेंट की भव्यता

इस बार के ट्रेड शो में 2,400 से ज्यादा प्रदर्शक हिस्सा लेंगे। इसके अलावा 1.5 लाख से अधिक बीटूबी खरीदार और आगंतुक, 4.5 लाख से ज्यादा सामान्य विजिटर्स और 85 देशों से 550 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदार भी इस आयोजन का हिस्सा बनेंगे। गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में मंत्री चौधरी ने कहा कि एमएसएमई सेक्टर उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और प्रदेश में फिलहाल 96 लाख से अधिक एमएसएमई इकाइयां काम कर रही हैं।

छह देश बनेंगे पार्टनर कंट्री, 72 देशों से पहले ही मिल चुका रजिस्ट्रेशन

इस साल ऑस्ट्रिया, जापान, रूस, सिंगापुर, बेलारूस और वियतनाम पार्टनर कंट्री के तौर पर शामिल होंगे। खास बात यह है कि आयोजन शुरू होने से पहले ही 72 देशों से विदेशी खरीदारों का पंजीकरण हो चुका है। फियो के होस्टेड बायर प्रोग्राम के जरिए असली खरीदारों, आयातकों, वितरकों और सोर्सिंग एजेंट्स को सीधे इस मंच से जोड़ा जा रहा है, ताकि बीटूबी मैचमेकिंग और नेटवर्किंग आसान हो सके।

अमित शाह और सीएम योगी करेंगे उद्घाटन

मंत्री ने बताया कि यूपीआईटीएस 2026 का उद्घाटन केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संयुक्त रूप से करेंगे। कार्यक्रम में एमएसएमई विकास, कौशल विकास, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन और रोजगार सृजन से जुड़ी तमाम सरकारी योजनाओं को भी प्रदर्शित किया जाएगा।

कृषि से लेकर टेक्सटाइल तक, हर सेक्टर की झलक

इस आयोजन में उत्तर प्रदेश की औद्योगिक, कृषि, हस्तशिल्प और सेवा क्षेत्र की पूरी विविधता देखने को मिलेगी। कृषि, ऑटोमोबाइल, ईवी, एविएशन, आईटी, फूड प्रोसेसिंग, हैंडलूम-हस्तशिल्प, हेल्थ-वेलनेस, इन्फ्रास्ट्रक्चर, लेदर, टूरिज्म, स्पोर्ट्स, रिन्यूएबल एनर्जी और रिटेल जैसे तमाम सेक्टर इसका हिस्सा होंगे।

‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन क्यूज़ीन’ को मिलेगी खास पहचान

इस बार यूपी की सांस्कृतिक और पाक पहचान को भी खास तवज्जो दी जाएगी। ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ पहल के साथ इस साल ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन क्यूज़ीन’ को भी विशेष स्थान मिलेगा, जिसके जरिए प्रदेश के विभिन्न जिलों के पारंपरिक व्यंजनों और खाद्य विरासत को दुनिया के सामने पेश किया जाएगा।