Latest newsTrendingदेश दुनिया

मॉडल ट्विशा शर्मा मौत मामला: CBI ने पति व पूर्व जज के खिलाफ दाखिल की चार्जशीट

दहेज प्रताड़ना, आत्महत्या के लिए उकसाने और दहेज निषेध अधिनियम की गंभीर धाराओं में दोनों को बनाया गया आरोपी

भोपाल: 17.08.2026 पूर्व मॉडल ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने एक बड़ा कदम उठाया है। एजेंसी ने भोपाल स्थित विशेष CBI कोर्ट में ट्विशा के पति समर्थ सिंह और उनकी सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ 636 पन्नों की चार्जशीट दाखिल कर दी है। CBI ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80(2), 85, 108 और 3(5) के साथ-साथ दहेज निषेध अधिनियम की धारा 3 और 4 के तहत आरोप तय किए हैं। चार्जशीट दाखिल होने के बाद अब कानूनी प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है।

ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी मौत

ट्विशा शर्मा का विवाह पिछले साल दिसंबर में वकील समर्थ सिंह के साथ हुआ था, जिनकी मां गिरिबाला सिंह पूर्व जिला न्यायाधीश (डिस्ट्रिक्ट जज) रह चुकी हैं। बीते 12 मई को ट्विशा अपने भोपाल स्थित ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गई थीं।

दर्ज प्राथमिकी (FIR) के अनुसार, घटना की रात करीब 10:20 बजे समर्थ सिंह ट्विशा को एम्स (AIIMS) भोपाल लेकर पहुंचे थे और दावा किया था कि उन्होंने घर पर आत्महत्या की है। हालांकि, डॉक्टरों ने स्पष्ट किया कि ट्विशा की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी, जिसके बाद मेडिको-लीगल केस दर्ज किया गया।

परिजनों ने पति और सास पर ट्विशा को मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने और दहेज के लिए परेशान करने के गंभीर आरोप लगाए। स्थानीय पुलिस की शुरुआती जांच और मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के निर्देश पर हुए दूसरे पोस्टमार्टम के बाद मामला CBI को सौंपा गया था।

2 जून से जेल में बंद हैं दोनों आरोपी

CBI ने 25 मई को इस मामले की जांच औपचारिक रूप से शुरू की थी और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया था। समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह 2 जून से भोपाल की सेंट्रल जेल में न्यायिक हिरासत में बंद हैं। पिछली सुनवाई पर अदालत द्वारा दी गई समय-सीमा के तहत एजेंसी ने सोमवार को अदालत में आरोप पत्र पेश कर दिया। इस बीच, आरोपी गिरिबाला सिंह की जमानत याचिका पर अगले सप्ताह मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में सुनवाई संभावित है।

vartman satta

दैनिक वर्तमान सत्ता आर एन आई में रेजिस्टर्ड , डी ए वी पी से मान्यता प्राप्त 25 वर्ष से अधिक पुराना समाचार पत्र है ,www.vartmansattanews.com इसका न्यूज़ पोर्टल है जो की नोएडा , ग्रेटर नोएडा , ग़ाज़ियाबाद में आम लोगो के मध्य बहुत प्रसिद्द है