Latest newsTrendingलखनऊविविध

जापान को निवेश का न्योता, योगी बोले- प्रदेश को बनाएं अपना दूसरा इंडस्ट्रियल होम

भारत और जापान का संबंध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विश्वास पर आधारित

ग्रेटर नोएडा। 19.08.2026 उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जापानी कंपनियों को राज्य में बड़े पैमाने पर निवेश करने का खुला निमंत्रण दिया है। बुधवार को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के सेक्टर-10 में एस्कॉर्ट्स कुबोटा की नई फैक्ट्री का वर्चुअल शिलान्यास करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जापान के पास औद्योगिक विकास का दशकों लंबा अनुभव है, जबकि उत्तर प्रदेश के पास इसे आगे बढ़ाने वाली प्रतिभाशाली और ऊर्जावान युवा पीढ़ी है। दोनों मिलकर एक दीर्घकालिक और मजबूत साझेदारी की नई इबारत लिख सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने जापान को एक भरोसेमंद और गुणवत्ता-प्रधान साझेदार बताते हुए जापानी उद्योगपतियों से उत्तर प्रदेश को अपना ‘दूसरा इंडस्ट्रियल होम’ बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जापान से केवल मैन्युफैक्चरिंग ही नहीं, बल्कि तकनीकी ज्ञान, रिसर्च एंड डेवलपमेंट (R&D), स्किल डेवलपमेंट और ग्लोबल सप्लाई चेन के निर्माण में भी गहरा सहयोग चाहती है। इस दिशा में जेट्रो (जापान एक्सटर्नल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन), इन्वेस्ट यूपी और सीआईआई के बीच हुए त्रिपक्षीय समझौते से बी-टू-बी और बी-टू-जी निवेश को नई गति मिलेगी।

उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी बनाने के संकल्प को दोहराते हुए सीएम योगी ने कहा कि आज राज्य के पास बेहतरीन इंफ्रास्ट्रक्चर, मजबूत लॉजिस्टिक्स और सुशासन का बड़ा एडवांटेज है। देश के कुल एक्सप्रेस-वे नेटवर्क का 60 फीसदी हिस्सा अकेले यूपी में मौजूद है। इसके अलावा 17 एयरपोर्ट्स, सबसे बड़ा रेल नेटवर्क, 7 शहरों में मेट्रो, देश की पहली रैपिड रेल, इनलैंड वाटरवे और दो डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर राज्य को ग्लोबल स्टैंडर्ड की सीमलेस कनेक्टिविटी प्रदान कर रहे हैं, जो विदेशी निवेशकों के लिए सबसे मुफीद माहौल तैयार करता है।

vartman satta

दैनिक वर्तमान सत्ता आर एन आई में रेजिस्टर्ड , डी ए वी पी से मान्यता प्राप्त 25 वर्ष से अधिक पुराना समाचार पत्र है ,www.vartmansattanews.com इसका न्यूज़ पोर्टल है जो की नोएडा , ग्रेटर नोएडा , ग़ाज़ियाबाद में आम लोगो के मध्य बहुत प्रसिद्द है