Latest newsTrendingनोएडा - ग्रेटर नोएडा

गौतमबुद्ध नगर में स्वाइन फ्लू का बढ़ता खतरा, अब तक 14 मरीजों की पुष्टि, अस्पतालों में अलर्ट जारी

नोएडा। मौसम में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव के बीच गौतमबुद्ध नगर जिले में स्वाइन फ्लू के मामले धीरे-धीरे बढ़ते जा रहे हैं। बुखार, खांसी, जुकाम और गले में खराश जैसी शिकायतें लेकर बड़ी संख्या में लोग निजी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों का रुख कर रहे हैं। जिन लोगों में इस तरह के लक्षण दिख रहे हैं, वे डॉक्टरों की सलाह पर स्वाइन फ्लू की जांच भी करवा रहे हैं।

अब तक 14 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, जिले में अभी तक कुल 14 मरीजों में H1N1 यानी स्वाइन फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। यह जानकारी रविवार को स्वास्थ्य विभाग तक पहुंची, जिसके बाद निगरानी तुरंत बढ़ा दी गई। राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी भी मरीज की हालत गंभीर नहीं बताई जा रही है। इनमें से तीन-चार मरीज ऐसे भी हैं, जो गौतमबुद्ध नगर के बाहर के रहने वाले हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमें सभी मरीजों के संपर्क में हैं और उनकी सेहत पर लगातार नजर रखी जा रही है।

जिला अस्पताल की ऑनलाइन मेडिसिन विभाग की डॉक्टर आद्या सिंह के मुताबिक, मौसम में हो रहे बदलाव के साथ ही वायरल संक्रमण के मामलों में भी बढ़ोतरी देखी जा रही है।

जिला अस्पताल और जिम्स में बेड रिजर्व

बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने पहले से ही एहतियाती कदम उठाना शुरू कर दिया है। जिला अस्पताल और ग्रेटर नोएडा स्थित जिम्स अस्पताल में स्वाइन फ्लू के मरीजों के इलाज के लिए खास तौर पर बेड आरक्षित किए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को तुरंत भर्ती किया जा सके।

सांस से जुड़ी बीमारियां भी बढ़ीं

स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि मरीजों की संख्या को देखते हुए अस्पतालों में जरूरी व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा की जा रही है, ताकि किसी भी संक्रमित मरीज को तुरंत इलाज मिल सके। डॉक्टरों के अनुसार, मौसम में हो रहे बार-बार बदलाव की वजह से न सिर्फ स्वाइन फ्लू, बल्कि आम वायरल संक्रमण और सांस से जुड़ी बीमारियों के मामले भी बढ़ रहे हैं।

पूरे NCR और यूपी में भी बढ़ रहा खतरा

गौतमबुद्ध नगर अकेला जिला नहीं है, जहां स्वाइन फ्लू पैर पसार रहा है। मेरठ, गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर मिलाकर यूपी में 11 मरीजों का इलाज चल रहा है, और यह आंकड़ा एनसीआर के इलाकों में सबसे ज्यादा है। पूरे देश में स्थिति और गंभीर है — पिछले साल इसी समय तक जहां 229 मामले थे, वहीं इस बार यह संख्या करीब 8 गुना बढ़ चुकी है। सिर्फ 20 अगस्त को एक ही दिन में 114 नए मामले सामने आए। इसके अलावा H3N2 के 138 और H1N1 के 37 मामलों की भी पुष्टि हुई है। दिल्ली में तो इस साल अब तक इंफ्लूएंजा-A के 2,392 मामले दर्ज हो चुके हैं, जिनमें से 1,777 मामले स्वाइन फ्लू के हैं।

बढ़ते मामलों को देखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने भी स्थिति की समीक्षा की और सभी राज्यों को निगरानी बढ़ाने, जांच तेज करने और गंभीर मरीजों की जल्द पहचान करने के निर्देश दिए हैं।

किन लक्षणों पर रहें सतर्क:-

स्वास्थ्य विशेषज्ञों की मानें तो स्वाइन फ्लू के शुरुआती लक्षण आम वायरल बुखार या मौसमी बीमारी जैसे ही दिखते हैं, इसलिए लोग अक्सर इसे हल्के में ले लेते हैं। लेकिन अगर आपको इनमें से कोई भी लक्षण महसूस हो, तो लापरवाही बिल्कुल न करें:

  • तेज बुखार
  • लगातार खांसी
  • गले में खराश
  • नाक बहना
  • शरीर में दर्द
  • असामान्य कमजोरी

बचाव के लिए क्या करें

  • भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें या सावधानी बरतें
  • खांसते या छींकते समय मुंह और नाक को जरूर ढकें
  • हाथों को नियमित रूप से साबुन-पानी या सैनिटाइजर से साफ करते रहें