नोएडा एयरपोर्ट जलभराव ; अधिकारियों को दिए त्वरित और स्थायी समाधान के कड़े निर्देश
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास जलभराव पर जेवर विधायक का औचक निरीक्षण, अधिकारियों को दिए त्वरित और स्थायी समाधान के कड़े निर्देश
लखनऊ/जेवर, 12 अगस्त। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के समीप पार्किंग स्थल पर बारिश के बाद हुए जलभराव को लेकर सियासत गरमा गई है। इस बीच, जेवर के क्षेत्रीय विधायक धीरेन्द्र सिंह ने बुधवार को स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने जल निकासी की खामियों को तुरंत दूर करने और स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश अधिकारियों को दिए। वहीं, इस मुद्दे पर राजनीति कर रहे विपक्ष पर कड़ा प्रहार करते हुए विधायक ने कहा कि जिन्हें जेवर का अभूतपूर्व विकास और बदलते उत्तर प्रदेश की तस्वीर नहीं दिखती, उन्हें केवल गड्ढे और जलभराव ही नजर आ रहे हैं।
“कागजों तक एयरपोर्ट सीमित रखने वाले आज कर रहे राजनीति”
निरीक्षण के दौरान विधायक धीरेन्द्र सिंह ने विपक्ष की नीयत पर सवाल उठाते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के शासनकाल में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट केवल कागजों और चर्चाओं तक सीमित रहा। आज जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यह क्षेत्र देश-दुनिया के औद्योगिक और आर्थिक मानचित्र पर नई पहचान बना चुका है, तब विपक्ष बारिश के पानी को लेकर ओछी राजनीति पर उतर आया है।
उन्होंने कहा, “विपक्ष को यहां कुछ देर का जलभराव तो दिख रहा है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, विश्वस्तरीय सड़कें, आ रहा भारी औद्योगिक निवेश और हजारों युवाओं के लिए सृजित हो रहे रोजगार के अवसर नजर नहीं आ रहे। यह प्रदेश के ऐतिहासिक विकास से जनता का ध्यान भटकाने की नाकाम कोशिश है।”
खामियों पर सख्त रुख, अधिकारियों की क्लास
विधायक ने स्पष्ट किया कि जलभराव या किसी भी तकनीकी कमी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों से पूरी जल निकासी व्यवस्था की समीक्षा करने और तात्कालिक व दीर्घकालिक सुधार लागू करने को कहा।
सिंह ने कहा, “विपक्ष तस्वीरों में गड्ढे तलाशता रहे, हम जेवर में विकास का नया इतिहास लिखते रहेंगे। जहां भी काम में कमी पाई जाएगी, उसे ठीक कराया जाएगा, लेकिन थोड़ी देर के जलभराव के बहाने जेवर के ऐतिहासिक विकास पर पर्दा डालने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी।”

