Latest newsTrendingनोएडा - ग्रेटर नोएडालखनऊ

पत्रकारों और उनके आश्रितों को मिलेगी कैशलेस चिकित्सा

सूचना निदेशक विशाल सिंह की अध्यक्षता में AB-PMJAY पोर्टल संचालन का प्रशिक्षण सम्पन्न

लखनऊ/गौतमबुद्धनगर, 27 अक्टूबर, 2026 , सूचना निदेशालय के सभागार में सूचना निदेशक विशाल सिंह की अध्यक्षता में स्टेट हेल्थ एजेंसी, आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) द्वारा मान्यता प्राप्त पत्रकारों एवं उनके आश्रितों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए विकसित नवीन पोर्टल के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।

सूचना निदेशक श्री सिंह ने पोर्टल को गो-लाइव करने की सहमति प्रदान की। इसके पश्चात स्टेट हेल्थ एजेंसी, आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अधिकारियों ने पोर्टल के प्रोसेस फ्लो का प्रस्तुतिकरण किया। लाइव डेमो के माध्यम से मान्यता प्राप्त पत्रकारों के आयुष्मान कार्ड जारी करने, आवेदन करने, सत्यापन तथा कार्ड डाउनलोड करने की पूरी प्रक्रिया समझाई गई। इस दौरान मुख्यालय एवं प्रदेश के समस्त जिला सूचना कार्यालयों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।

सूचना निदेशक ने बताया कि पोर्टल को पत्रकारों के लिए सरल एवं सुगम बनाया गया है, ताकि अधिक से अधिक मान्यता प्राप्त पत्रकारों एवं उनके परिजनों को इसका त्वरित लाभ मिल सके। उन्होंने प्रदेश के सभी जनपदीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन मान्यता प्राप्त पत्रकारों एवं उनके परिजनों के आयुष्मान कार्ड अभी तक नहीं बने हैं, उनकी समस्त औपचारिकताएं एक सप्ताह के भीतर पूर्ण कराते हुए आवश्यक विवरण पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें। साथ ही, इसकी सूचना मुख्यालय को भी उपलब्ध कराएं, ताकि मुख्यालय स्तर से आगे की कार्रवाई त्वरित गति से सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता अथवा लापरवाही न बरती जाए।

बैठक में वरिष्ठ वित्त एवं लेखाधिकारी संजय कुमार सिंह, सहायक निदेशक सतीश चन्द्र भारती, डॉ. जितेन्द्र प्रताप सिंह, अमित कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

vartman satta

दैनिक वर्तमान सत्ता आर एन आई में रेजिस्टर्ड , डी ए वी पी से मान्यता प्राप्त 25 वर्ष से अधिक पुराना समाचार पत्र है ,www.vartmansattanews.com इसका न्यूज़ पोर्टल है जो की नोएडा , ग्रेटर नोएडा , ग़ाज़ियाबाद में आम लोगो के मध्य बहुत प्रसिद्द है