Latest newsTrendingनोएडा - ग्रेटर नोएडा

यमुना एक्सप्रेसवे बस अग्निकांड: सभी 9 शवों की हुई पहचान, भाजपा नेता की पत्नी-बेटे की भी हुई मौत

यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार रात आग का गोला बनी स्लीपर बस में जिंदा जल गए सभी 9 यात्रियों की अब पहचान हो चुकी है। गुरुवार को 6 मृतकों की शिनाख्त के बाद शुक्रवार को बाकी बचे तीन शवों की भी पहचान कर ली गई। इनमें सबसे दुखद खबर यह रही कि मृतकों में महोबा के भाजपा नेता नीरज गुप्ता की पत्नी सुनीता गुप्ता और उनका बेटा शशांक गुप्ता भी शामिल हैं। तीसरे मृतक की पहचान सूरजपुर की सीताराम कॉलोनी निवासी ओमप्रकाश के रूप में हुई है।

25 यात्रियों ने कूदकर बचाई जान, 9 अंदर ही फंसे रह गए

दिल्ली के कश्मीरी गेट से महोबा जा रही यह स्लीपर बस बुधवार रात जेवर कोतवाली क्षेत्र में अचानक आग की लपटों में घिर गई थी। देखते ही देखते पूरी बस आग के गोले में तब्दील हो गई और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे के दौरान करीब 25 यात्रियों ने किसी तरह बस से कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन 9 यात्री अंदर ही फंस गए और आग की चपेट में आकर उनकी दर्दनाक मौत हो गई।

भीषण आग की वजह से पहचान बनी बड़ी चुनौती

हादसे के बाद पुलिस और पीड़ित परिवारों के सामने सबसे बड़ी चुनौती शवों की पहचान करना ही रहा। आग इतनी भीषण थी कि शवों की हालत पहचानने लायक भी नहीं बची थी। गुरुवार देर शाम तक 6 शवों की पहचान हो सकी थी, जबकि तीन शव अब भी अज्ञात बने हुए थे। शुक्रवार को परिजनों के पहुंचने के बाद आखिरकार बाकी तीनों शवों की भी शिनाख्त पूरी हो गई।

भाजपा नेता का परिवार भी हादसे का शिकार

पुलिस के मुताबिक दो शवों की पहचान महोबा के भाजपा नेता नीरज गुप्ता की पत्नी सुनीता गुप्ता और बेटे शशांक गुप्ता के रूप में हुई है। वहीं तीसरे मृतक ओमप्रकाश सूरजपुर की सीताराम कॉलोनी में रह रहे थे, हालांकि पुलिस के अनुसार वे मूल रूप से महोबा क्षेत्र के ही रहने वाले थे।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे गए शव

पोस्टमार्टम की पूरी प्रक्रिया के बाद पुलिस ने सभी 9 शव उनके परिजनों को सौंप दिए हैं। इसी के साथ हादसे में मारे गए सभी यात्रियों की पहचान की प्रक्रिया पूरी हो गई है। एक साथ 9 लोगों की मौत ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है और मृतकों के परिवारों में मातम का माहौल है।