Latest newsTrendingUncategorizedदेश दुनियानोएडा - ग्रेटर नोएडा

ग्रेटर नोएडा में 25 सितंबर से इंटरनेशनल ट्रेड शो, अमित शाह करेंगे उद्घाटन

ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट एक बार फिर बड़े कारोबारी आयोजन की तैयारी में है। 25 से 29 सितंबर तक यहां इंटरनेशनल ट्रेड शो का चौथा संस्करण आयोजित होने जा रहा है, जिसका उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे।

उत्तर प्रदेश सरकार इस मेगा इवेंट का आयोजन फेडरेशन आफ इंडियन एक्सपोर्ट आर्गेनाइजेशंस यानी फियो के सहयोग से कर रही है। फियो के मुताबिक इस बार 1000 से ज्यादा भारतीय विक्रेता, निर्यातक, निर्माता और एमएसएमई इकाइयां इसमें हिस्सा लेंगी। इसके साथ ही दुनियाभर से करीब 600 प्रमुख विदेशी खरीदार भी शो में पहुंचेंगे। जाहिर है, यह आयोजन बी2बी बैठकों, सोर्सिंग पार्टनरशिप, टेक्नोलॉजी कोलैबोरेशन और निवेश से जुड़ी बातचीत का बड़ा मंच बनने वाला है।

छह देश बनेंगे पार्टनर कंट्री

इस बार के ट्रेड शो की खास बात यह है कि जापान, रूस, वियतनाम, आस्ट्रिया, सिंगापुर और बेलारूस जैसे छह देश पार्टनर कंट्री के रूप में शामिल हो रहे हैं। इससे व्यापार, निवेश, विनिर्माण और नवाचार के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग को रफ्तार मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

शो का मुख्य फोकस भारत के मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) और सीईपीए पार्टनर देशों पर रहेगा। जापान, दक्षिण कोरिया, यूरोपीय संघ, ब्रिटेन, आस्ट्रेलिया और ओमान जैसे बड़े बाजारों से भी खरीदार और प्रतिनिधिमंडल यहां पहुंचेंगे। इससे यूपी के निर्यातकों को अधिमान्य व्यापार समझौतों का सीधा फायदा उठाने और नए बाजारों तक पहुंचने का मौका मिलेगा। इनके अलावा ब्रिक्स देशों समेत एशिया, अफ्रीका, यूरोप और उत्तरी अमेरिका से भी खरीदार शो में शिरकत करेंगे।

सीएम योगी से मिलेगा विदेशी प्रतिनिधिमंडल

कार्यक्रम के दौरान विदेशी खरीदारों का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात करेगा, जिसमें प्रदेश में निवेश, सोर्सिंग और निर्यात इकोसिस्टम को लेकर चर्चा होगी।

ट्रेड शो में एमएसएमई, टेक्सटाइल, चमड़ा, फूड प्रोसेसिंग, इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, हस्तशिल्प और ओडीओपी उत्पादों की झलक भी देखने को मिलेगी। बता दें कि फियो के 37 हजार से ज्यादा सदस्य हैं, जो इस दौरान होने वाली बी2बी बैठकों को आसान बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।