नोएडा - ग्रेटर नोएडाविविध

जिले का सोलर विलेज बनेगा दुजाना, पीएम सूर्य घर योजना के तहत बदलेगी तस्वीर

ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर जिले के दुजाना गांव को जिले के पहले ‘मॉडल सोलर विलेज’ के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके तहत पूरे गांव की बिजली संबंधी जरूरतों को सौर ऊर्जा से पूरा करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। मंगलवार को ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ के अंतर्गत कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति की एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें परियोजना की विस्तृत कार्ययोजना (DPR) पर विस्तार से मंथन हुआ।

परियोजना का मुख्य उद्देश्य गांव में सौर ऊर्जा के अधिकतम उपयोग को बढ़ावा देना, स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा के जरिए ऊर्जा आत्मनिर्भरता हासिल करना और पारंपरिक बिजली पर निर्भरता को कम करना है। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के कड़े निर्देश दिए हैं।

यूपीनेडा (UPNEDA) के परियोजना अधिकारी लवेश कुमार सिसोदिया ने बताया कि योजना के अंतर्गत घरेलू और सार्वजनिक भवनों पर सोलर रूफटॉप सिस्टम लगाए जाएंगे। इसके अलावा गांव की सड़कों और मुख्य चौराहों पर सोलर स्ट्रीट लाइट्स लगाई जाएंगी। ग्रामीण आजीविका और कृषि को बढ़ावा देने के लिए गांव में सोलर मिल्क चिलर, सोलर आटा चक्की, सोलर कोल्ड प्रेस यूनिट और अन्य कृषि उपकरण भी स्थापित किए जाएंगे। इस पहल से न केवल बिजली बिलों में राहत मिलेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार और आय के नए साधन भी विकसित होंगे, जिससे दुजाना अन्य गांवों के लिए एक प्रेरणा बनेगा।

vartman satta

दैनिक वर्तमान सत्ता आर एन आई में रेजिस्टर्ड , डी ए वी पी से मान्यता प्राप्त 25 वर्ष से अधिक पुराना समाचार पत्र है ,www.vartmansattanews.com इसका न्यूज़ पोर्टल है जो की नोएडा , ग्रेटर नोएडा , ग़ाज़ियाबाद में आम लोगो के मध्य बहुत प्रसिद्द है