गौतमबुद्ध नगर में स्वाइन फ्लू का प्रकोप, एक दिन में मिले 106 नए मरीज
नोएडा। दिल्ली में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों के बीच अब गौतमबुद्ध नगर भी इसकी चपेट में आता दिख रहा है। मंगलवार को जिले में एक साथ 106 नए मरीज सामने आए, जिसके बाद कुल आंकड़ा 120 तक पहुंच गया है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से मास्क लगाने और दो गज की दूरी बनाए रखने की अपील की है।
सीएमओ डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी के मुताबिक, गाजियाबाद, दिल्ली, हापुड़ और मेरठ से रोज़ाना बड़ी संख्या में लोग काम के सिलसिले में गौतमबुद्ध नगर आते हैं। इनमें से कई ने बुखार, खांसी, गले में खराश जैसी शिकायत पर प्राइवेट अस्पतालों में जांच कराई, जहां H1N1 की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। हालांकि सभी मरीजों की हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।
जिला अस्पताल की डॉ. आद्या सिंह का कहना है कि बारिश के बाद बदलते मौसम में लोगों की लापरवाही संक्रमण बढ़ने की बड़ी वजह है — खांसते-छींकते समय मुंह न ढंकना इसका एक बड़ा कारण है। बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों में यह संक्रमण ज़्यादा देखा जा रहा है।
डॉक्टरों की सलाह है कि बारिश में भीगने से बचें, भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनें, और अगर बुखार तीन दिन से ज़्यादा रहे या सांस लेने में दिक्कत महसूस हो तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। साथ ही, बिना डॉक्टरी सलाह के एंटीबायोटिक दवाओं का सेवन बिल्कुल न करें।

