Latest newsTrendingनोएडा - ग्रेटर नोएडा

रबूपुरा के गांव में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत, सुबह बिस्तर पर मिले पति-पत्नी और तीन बच्चे, पुलिस जांच में जुटी

ग्रेटर नोएडा।

रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां एक ही परिवार के पांच सदस्यों, पति-पत्नी और उनके तीन बच्चों की मौत हो गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

सुबह नहीं उठा परिवार, तब हुआ शक

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, गांव नगला पदम निवासी महेश, उनकी पत्नी और तीन नाबालिग बच्चे रात करीब 10 बजे मैगी खाकर सोए थे। सुबह जब परिवार के लोग काफी देर तक नहीं उठे, तो आसपास के लोगों को शक हुआ। देखने पर पांचों बिस्तर पर मृत अवस्था में मिले।

घटना की खबर फैलते ही घर के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई। थाना रबूपुरा को सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मृतकों की पहचान की। पुलिस के अनुसार मृतकों में ये लोग शामिल हैं:

  • महेश (पुत्र कृष्ण), उम्र 37 वर्ष
  • ललिता (पत्नी महेश), उम्र 35 वर्ष
  • लड्डू (पुत्र), उम्र 11 वर्ष
  • मिष्टी (पुत्री), उम्र 7 वर्ष
  • साक्षात (पुत्र), उम्र 3 वर्ष

मौके पर पहुंची कई टीमें

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल, उच्चाधिकारी, एम्बुलेंस और फूड एंड सेफ्टी विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटा रही है। मृतकों के शवों का पंचायतनामा भरकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।

‘फूड पॉइजनिंग’ की आशंका, पर कारण की पुष्टि नहीं

प्रथम दृष्टया मामला फूड पॉइजनिंग का माना जा रहा है। आसपास के लोगों और मृतक महेश की माता ने बताया कि परिवार ने रात में नूडल्स खाए थे। हालांकि, मौत के वास्तविक कारण की अभी पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


फिलहाल पूरे गांव में मातम का माहौल है। असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही साफ हो पाएगी, इसलिए तब तक किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और आधिकारिक जानकारी का इंतजार करें।