Latest newsTrendingनोएडा - ग्रेटर नोएडा

लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ का शुभारंभ

यूपी में 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सौगात, रक्षाबंधन पर भी मिलेगी फ्री राइड

गौतमबुद्धनगर (26 अगस्त, 2026): रक्षाबंधन के पर्व पर माताओं, बहनों और बेटियों को सुगम आवागमन का उपहार देते हुए प्रदेश सरकार ने 27 अगस्त 2026 की सुबह 6:00 बजे से 29 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि 12:00 बजे तक निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा देने का फैसला किया है, जिससे महिलाएं बिना अतिरिक्त खर्च के अपने मायके व गंतव्यों तक पहुंच सकेंगी। इसी क्रम में वरिष्ठ महिलाओं के सम्मान और सामाजिक सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना का औपचारिक शुभारंभ किया। इस योजना के माध्यम से 60 वर्ष व उससे अधिक आयु की महिलाओं को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम (UPSRTC) की बसों में मुफ्त यात्रा का लाभ मिलेगा।

नोएडा के सेक्टर-96 स्थित नोएडा प्राधिकरण के ऑडिटोरियम में लखनऊ से प्रसारित इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। इस अवसर पर इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के मंत्री सुनील शर्मा, जिला पंचायत प्रशासक अमित कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, भाजपा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, जिलाधिकारी मेधा रूपम, मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार सिंह, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक नोएडा रोहिताश कुमार तथा सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ग्रेटर नोएडा समीना अंजुम सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

सजीव प्रसारण के उपरांत मंत्री सुनील शर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और कल्याण को प्राथमिकता पर रखकर योजनाएं चला रही है। उन्होंने रेखांकित किया कि यह योजना वरिष्ठ महिलाओं को आवश्यक कार्यों के लिए आने-जाने में आर्थिक सहयोग और बड़ी सुविधा प्रदान करेगी।

कार्यक्रम के समापन पर मंत्री एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने मातृशक्ति का सम्मान करते हुए महिलाओं को साड़ियां और मिठाइयां भेंट कीं। योजना से लाभान्वित होने वाली महिलाओं ने इस कदम को वरिष्ठ नागरिकों के लिए बेहद उपयोगी बताते हुए सरकार की सराहना की। यह पहल बुजुर्ग महिलाओं को आर्थिक राहत देते हुए उनके आवागमन को सरल बनाने और कल्याण के प्रति सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाती है।

vartman satta

दैनिक वर्तमान सत्ता आर एन आई में रेजिस्टर्ड , डी ए वी पी से मान्यता प्राप्त 25 वर्ष से अधिक पुराना समाचार पत्र है ,www.vartmansattanews.com इसका न्यूज़ पोर्टल है जो की नोएडा , ग्रेटर नोएडा , ग़ाज़ियाबाद में आम लोगो के मध्य बहुत प्रसिद्द है