यमुना सिटी में बनेगा शानदार एंट्री गेट, नोएडा-ग्रेटर नोएडा की तर्ज पर होगी पहचान
17.08.2026 नोएडा और ग्रेटर नोएडा की तर्ज पर अब यमुना सिटी में भी एक भव्य प्रवेश द्वार (एंट्री गेट) बनाया जाएगा। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं और जल्द ही इसका डिजाइन भी सामने आ जाएगा । ( प्रदर्शित चित्र प्रतीकात्मक इमेज है )
यह प्रवेश द्वार यमुना एक्सप्रेसवे के समानांतर 60 मीटर चौड़ी सड़क पर 7 किलोमीटर माइलस्टोन पर बनाया जाएगा। यह स्थान गलगोटिया विश्वविद्यालय से पहले है, जहां यमुना एक्सप्रेसवे और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे आपस में जुड़ते हैं।
प्राधिकरण के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए शहर में अब तक कोई प्रमुख प्रवेश द्वार या खास पहचान चिन्ह नहीं था। यीडा का उद्देश्य केवल एक गेट बनाना नहीं, बल्कि इसे शहर के प्रतीक के रूप में विकसित करना है ताकि आने वाले नागरिकों और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को प्रवेश करते ही आधुनिक व सुनियोजित विकास की झलक मिले। इस क्षेत्र को आकर्षक बनाने के लिए यहां फव्वारे, परगोला, लैंडस्केपिंग और व्यापक हरियाली विकसित की जाएगी।
दनकौर के पास बनेगा 500 मीटर लंबा ग्रीन पार्क
यीडा ने दनकौर के पास यमुना एक्सप्रेसवे की 100 मीटर चौड़ी ग्रीन बेल्ट में 500 मीटर लंबा ग्रीन पार्क बनाने की योजना भी तैयार की है। यह पार्क गलगोटिया विश्वविद्यालय के सामने बन रहे पार्क की तर्ज पर होगा। यह ग्रीन बेल्ट यमुना एक्सप्रेसवे और 60 मीटर सड़क के बीच स्थित है, जहां 35 किलोमीटर लंबे मार्ग पर पेड़-पौधे, लैंडस्केपिंग, वॉटर बॉडीज और धार्मिक स्थलों के मिनिएचर बनाए जाएंगे। इसके लिए अगले सप्ताह ही आरएफपी (RFP) जारी की जाएगी।
गलगोटिया विश्वविद्यालय के बाहर बन रहे पार्क का पक्का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। अब वहां केवल पेड़-पौधे, घास और उद्यान से जुड़े अन्य कार्य शेष हैं, जिनका टेंडर हो चुका है।

