अपर्णा यादव ने जिला जेल एवं अपना घर आश्रम नोएडा का किया निरीक्षण
महिला बंदियों और मानसिक रूप से दिव्यांग महिलाओं से किया संवाद, सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का लिया जायजा
गौतमबुद्धनगर। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष (उपमंत्री स्तर प्राप्त) अपर्णा यादव ने 26 oct को जनपद भ्रमण के दौरान कासना स्थित जिला जेल तथा सेक्टर-34, नोएडा स्थित अपना घर आश्रम (राजकीय विशेषीकृत गृह भवन) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दोनों संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा महिला बंदियों एवं आश्रम में निवासरत मानसिक रूप से दिव्यांग महिलाओं से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
जिला जेल के निरीक्षण के दौरान अपर्णा यादव ने महिला बंदियों से बातचीत कर उनके रहन-सहन, खानपान और जेल में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने जेल प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया।
इसके बाद उन्होंने सेक्टर-34, नोएडा स्थित अपना घर आश्रम का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने आश्रम में रह रहीं मानसिक रूप से दिव्यांग महिलाओं से आत्मीय संवाद किया और उनके रहन-सहन, खानपान तथा अन्य उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान जिला जेल और अपना घर आश्रम में व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित पाई गईं। अपर्णा यादव ने शासन की मंशा के अनुरूप महिला बंदियों एवं मानसिक रूप से दिव्यांग महिलाओं के कल्याण और उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर विधि परिवीक्षा अधिकारी जितेंद्र मौर्य सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

