Latest newsTrendingनोएडा - ग्रेटर नोएडा

ऑपरेशन सिंदूर में पास हुआ ड्रोन अब सरहद का पहरेदार बनेगा, सेना ने दोगुनी की मांग


ग्रेटर नोएडा में चल रहे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में डिफेंस कॉरिडोर का स्टॉल इन दिनों एक खास वजह से चर्चा में है। यहां रखा टेथर्ड ड्रोन वही है, जिसने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना का भरोसा जीता था। अब यही ड्रोन देश की सीमाओं की सुरक्षा में बड़ी भूमिका निभाने की तैयारी में है।

बेंगलुरु की कंपनी निंबस स्कोप के प्रतिनिधियों के मुताबिक, सेना ने इस ड्रोन की आपूर्ति की मांग दोगुनी कर दी है। पहले जहां 1000 ड्रोन की जरूरत बताई गई थी, वहीं अब यह आंकड़ा बढ़कर 2000 तक पहुंच गया है।

केबल से जुड़ा रहेगा, आठ घंटे तक रखेगा नजर

इस ड्रोन की सबसे बड़ी खासियत इसका टेथर्ड मोड है। इसमें ड्रोन एक केबल के जरिए जमीन से जुड़ा रहता है और लगातार आठ घंटे तक उड़ान भर सकता है। यह जमीन से 110 मीटर ऊपर तक जा सकता है और समुद्र तल से 5500 मीटर तक की ऊंचाई वाले इलाकों में भी काम करने में सक्षम है। यानी पहाड़ी सरहदों पर भी इसका इस्तेमाल मुमकिन है।

तेज हवा में भी यह डगमगाता नहीं। कंपनी के मुताबिक, यह 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवा में भी स्थिर रह सकता है। अगर केबल हटा दी जाए, तो यह करीब 45 मिनट तक हवा में रह सकता है।

कम आवाज, ज्यादा स्थिरता

यह एक इलेक्ट्रिक क्वाडकॉप्टर है, जिसमें ग्राउंड बेस्ड सिस्टम और बैटरी, दोनों का इस्तेमाल किया गया है। इसमें ब्रशलेस डीसी इलेक्ट्रिक मोटर्स लगी हैं, जिससे यह कम आवाज में ज्यादा स्थिरता के साथ उड़ान भरता है। इसकी लंबाई और चौड़ाई 1.5-1.5 मीटर और ऊंचाई 0.5 मीटर है। अधिकतम टेकऑफ वजन 15 किलोग्राम होने की वजह से इसमें हाई-रिजॉल्यूशन कैमरे और दूसरे सेंसर भी लगाए जा सकते हैं।

सीमा से लेकर आपदा तक, हर जगह काम का

कंपनी प्रतिनिधियों का कहना है कि इस ड्रोन का इस्तेमाल सीमा और जंगलों की निगरानी के साथ भीड़ प्रबंधन में भी हो सकता है। बाढ़ और आग जैसी आपदाओं में यह लगातार नजर रखकर कंट्रोल रूम तक रियल टाइम जानकारी पहुंचा सकता है, जिससे राहत और बचाव के काम में मदद मिलेगी।

रूस-यूक्रेन युद्ध में ड्रोन की उपयोगिता सामने आने के बाद भारतीय सेना ने भी भविष्य की सुरक्षा तैयारियों को मजबूत करने के लिए इनकी मांग बढ़ाई है। कंपनी का दावा है कि सीमा सुरक्षा के क्षेत्र में यह ड्रोन गेम चेंजर साबित हो सकता है।