जन्माष्टमी पर नोएडा में ड्रोन से निगरानी, 2500 पुलिसकर्मी तैनात, इस्कान-सनातन मंदिर के पास डायवर्जन
जन्माष्टमी को लेकर गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिलेभर के 200 से ज्यादा मंदिर-शिवालयों के आसपास ड्रोन से निगरानी रखी जाएगी और छह जगहों पर निकलने वाली झांकियों के दौरान भी कड़ी सुरक्षा रहेगी। व्यवस्था संभालने के लिए 2500 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। सेक्टर 33 स्थित इस्कान मंदिर और सेक्टर 19 सनातन मंदिर के आसपास डायवर्जन लागू रहेगा।
अपर पुलिस आयुक्त राजीव नारायण मिश्र और एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बृहस्पतिवार को इस्कान, सनातन समेत कई स्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्था को परखा और जरूरी निर्देश दिए। लोगों से नियमों का पालन करने की अपील भी की गई है।
इस्कान मंदिर के पास यह रहेगा रूट प्लान
गिझौड़ मार्ग के अलावा एलिवेटेड रोड पर इस्कान मंदिर होते हुए मोरना जाने वाला रास्ता बंद रहेगा।
- एनटीपीसी अंडरपास चौराहे से गिझौड़ चौराहे की ओर, और गिझौड़ चौक से एनटीपीसी की ओर सभी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
- अट्टा अंडरपास जाने वाले वाहन गिझौड़ चौराहे से बाएं टर्न लेकर होशियारपुर तिराहे से दाएं मुड़कर सिटी सेंटर, या गिझौड़ चौक से दाएं टर्न लेकर समरविले तिराहे होते हुए अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
पार्किंग: इस्कान मंदिर आने वाले वाहन एडोब बिल्डिंग के पास बनी पार्किंग में खड़े कर पैदल मंदिर जाएं। वीवीआईपी वाहन सेक्टर 33-34 तिराहे से प्रवेश कर शिल्प हाट पार्किंग में वाहन खड़ा कर सकते हैं।
- सेक्टर 60-62, इंदिरापुरम (गाजियाबाद) जाने वाले वाहन सेक्टर 31-25 चौराहे से बाएं टर्न लेकर स्पाइस माल चौराहे से दाएं मुड़कर एडोब चौक, सेक्टर 22-23-54 तिराहे से आगे बढ़ सकेंगे।
- एलिवेटेड रोड पर यातायात सामान्य रहेगा, लेकिन शुक्रवार को दिनभर इस्कान और एनटीपीसी लूप से यातायात का चढ़ना-उतरना बंद रहेगा।
- शुक्रवार को गिझौड़ से इस्कान मंदिर और सेक्टर 31-25 से गिझौड़ की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे।
अन्य मंदिरों के पास व्यवस्था
डीसीपी यातायात (प्रभारी) अभय कुमार मिश्र के अनुसार, भीड़ बढ़ने पर सेक्टर 19-27 में डीएम चौक से राय रेजीडेंसी और डीएम चौक से टेलीफोन एक्सचेंज के बीच वाहनों का आवागमन रोका जा सकता है। इसी तरह सेक्टर 2 मंदिर के पास भीड़ बढ़ने पर संदीप पेपर मिल चौक और गोलचक्कर चौक के बीच आवाजाही प्रतिबंधित की जाएगी। एम्बुलेंस और फायर सर्विस जैसे आपातकालीन वाहनों को हर हाल में रास्ता दिया जाएगा।
असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। किसी भी दिक्कत पर यातायात हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर संपर्क करें।

