नोएडा: सेफ सिटी प्रोजेक्ट से लगेंगे 2200 कैमरे, 20 हजार CCTV से होंगे कनेक्ट
हाईटेक सिटी नोएडा की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्राधिकरण ने 217 करोड़ रुपये की ‘सेफ सिटी’ परियोजना शुरू की है। इसके तहत शहर में 2,200 अत्याधुनिक कैमरे लगाए जाएंगे और इन्हें आवासीय सोसायटी, दुकानों, अस्पतालों, स्कूल-कॉलेज, मॉल-बाजार सहित 20 हजार से ज्यादा मौजूदा CCTV कैमरों से जोड़ा जाएगा। पूरे सिस्टम की निगरानी सेक्टर-94 में बन रहे नए कंट्रोल रूम से होगी, ताकि संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक तुरंत पहुंच सके।
RFP जारी, एक महीने में तय होगी एजेंसी
प्राधिकरण ने परियोजना के लिए RFP जारी कर दिया है। करीब 10 दिन में प्री-बिड बैठक होगी और एक महीने के भीतर कंपनी चुनकर जमीनी काम शुरू करने की तैयारी है। पूरा प्रोजेक्ट एक साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, तकनीकी जांच IIT से कराई जाएगी।
सेक्टर-94 में बनेगा नया कंट्रोल रूम, पुलिस मुख्यालय से सीधी लिंक
नया कंट्रोल रूम सेक्टर-94 स्थित ITMS सिस्टम के ऊपर बनेगा और पुलिस मुख्यालय से सीधे जुड़ेगा। किसी संदिग्ध घटना की सूचना नजदीकी थाना, चौकी और डायल-112 टीम तक तुरंत पहुंचाई जा सकेगी। इसे ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण की निगरानी व्यवस्था से भी जोड़ा जाएगा।
फेस डिटेक्शन और लाइव लोकेशन ट्रैकिंग
नए कैमरों में फेस डिटेक्शन की सुविधा होगी, जिससे संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान आसान होगी। कोई संदिग्ध कैमरे की जद में आते ही उसकी लोकेशन कंट्रोल रूम में दिखेगी। PTZ कैमरे करीब 1700 मीटर तक रिकॉर्डिंग करेंगे, जबकि बुलेट कैमरे तेज रफ्तार वाहनों की भी साफ फुटेज कैद करेंगे।
पहले से मौजूद ANPR नेटवर्क होगा और मजबूत
नोएडा में ANPR और सामान्य CCTV पहले से ITMS के तहत काम कर रहे हैं। सेफ सिटी परियोजना इन्हें और व्यापक नेटवर्क से जोड़ेगी। प्रोजेक्ट पूरा होने पर संबंधित कंपनी पुलिसकर्मियों को सिस्टम संचालन की ट्रेनिंग भी देगी।

