ग्रेटर नोएडा में बिल्डर ने खाया जहर, वीडियो बनाकर सीएम योगी से लगाई मदद की गुहार
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र स्थित पाम ओलंपिया सोसायटी से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक बिल्डर ने कथित तौर पर जहर खाकर अपनी जान देने की कोशिश की। जहर खाने से पहले बिल्डर नीरज चौहान ने एक वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया, जिसमें उसने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पुलिस कमिश्नर और जिलाधिकारी से मदद की गुहार लगाई है।
वीडियो में नीरज ने कुछ लोगों पर लगातार धमकी देने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है। हालत बिगड़ने पर उसे तुरंत सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पार्टनर्स के साथ मिलकर खरीदा था प्लॉट
नीरज चौहान ने वीडियो में बताया कि उसने कुछ पार्टनर्स के साथ मिलकर ग्रेटर नोएडा के ईटा सेक्टर में एक प्लॉट खरीदा था। इस डील में निशान चौबे, आशीष श्रीवास्तव और कैलाश बजाज उसके पार्टनर थे। नीरज के मुताबिक, कुछ समय पहले आशीष श्रीवास्तव की हार्ट अटैक से मौत हो गई, जिसके बाद निशान चौबे और कैलाश बजाज के साथ उसका विवाद चलने लगा।
‘एक हफ्ते से अलग-अलग लोगों से धमकी दिलवा रहा’
नीरज का आरोप है कि कैलाश बजाज, निशान चौबे का करीबी जानने वाला है और अब निशान बारी-बारी से सभी लोगों को परेशान कर रहा है। उसका कहना है कि जब भी वह निशान से जमीन और कथित धोखाधड़ी को लेकर बात करता है, तो उसे धमकी दी जाती है।
नीरज के अनुसार, पिछले एक सप्ताह से निशान ने दो लोगों के जरिए उसे लगातार धमकी दिलवाई। इसके बाद 11 सितंबर को उसे कहीं बुलाया गया, जहां निशान ने फिर से धमकी दी। नीरज ने कहा कि वह लंबे समय से लगातार मानसिक दबाव में जी रहा है।
‘जमीन दूसरे बिल्डर को देकर कब्जा कर लिया’
वीडियो में नीरज ने जमीन को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। उसका कहना है कि निशान ने अब वह जमीन एक अन्य बिल्डर को दे दी है और उसके साथ मिलकर जमीन पर कब्जा कर लिया गया है, जिसके बाद से उसे और ज्यादा परेशान किया जा रहा है। नीरज ने यह भी आरोप लगाया कि निशान के साथ कुछ प्रभावशाली लोग जुड़े हैं, जिनके खिलाफ वह खुद को असहाय महसूस कर रहा है।
CM योगी से परिवार को बचाने की अपील
अपने वीडियो के जरिए नीरज चौहान ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पुलिस कमिश्नर और जिलाधिकारी से सीधी अपील की है कि उसके परिवार को बचाया जाए और पूरे मामले में सख्त कार्रवाई की जाए।
बिसरख थाना प्रभारी ने बताया कि मामला पुलिस के संज्ञान में आ चुका है और पीड़ित का इलाज सर्वोदय अस्पताल में चल रहा है। थाना प्रभारी के मुताबिक, पीड़ित ने वास्तव में जहर खाया है या नहीं, इसकी पुष्टि मेडिकल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। उन्होंने बताया कि शिकायत मिलने के बाद मामले की गहनता से जांच की जाएगी और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल पुलिस पीड़ित द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच कर रही है
